Find Us OIn Facebook

=========================

*जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम*

*प्रेस विज्ञप्ति- 1094/2023*

*13 अगस्त 2023*

*=========================*

 


*जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने डेंगू/चिकनगुनिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर की आपात बैठक, डेंगू टास्क फोर्स बनाने का निर्देश* 

 

*जिला स्तरीय कंट्रोल रूम अधिष्ठापित किया जाएगा, फोन कॉल पर मिलेगी परामर्श की सुविधा*


*274,422 घरों के सर्वे में 7237 घरों में मिला डेंगू लार्वा*

------------------------


पूर्वी सिंहभूम जिला में डेंगू के लागातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सदर अस्पताल सभागार में आपात बैठक की गई। उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार, एसडीएम धालभूम श्री पीयूष सिन्हा, अपर उपायुक्त श्री जयदीप तिग्गा, सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी, एसडीएम घाटशिला, नगर निकाय पदाधिकारी, निजी अस्पताल, कंपनी प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि डेंगू के मामले चिंताजनक हैं लेकिन जरूरी एहतियातन कदम उठाते हुए इसके प्रसार पर तत्काल रोक लगाया जा सकता है ।  


स्वास्थ्य विभागीय पदाधिकारी ने बताया जिले में अबतक 274,422 घरों के सर्वे में 7237 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया है। मानसून एवं मानसून के पश्चात डेंगु/ चिकुनगुनिया आदि वेक्टर जनित रोग के प्रसारण की संभावना बढ़ जाती है। विगत वर्षों में जमशेदपुर शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में डेगु का प्रसरण होता रहा है। डेंगु एवं चिकुनगुनिया एक वायरल रोग है जो संक्रमित मादा एडिज मच्छरों के काटने से मानव शरीर में प्रवेश करती है तथा उसे संक्रमित करती है। यह मच्छर अपेक्षाकृत साफ पानी के वर्तन, कुलर, प्लास्टिक के खुले बोतल, डिब्बे, छत पर जल जमाव बिना ढक्कन के पानी की टंकी, घर के बाहर रखे / फेके टायर, कन्स्ट्रक्शन साइट एवं टूटे बर्तन में जमा पानी, आदि में अंडे देती है एवं इसके लार्वा को आसानी से देखा जा सकता है। 


*झारखंड नगरपालिका अधिनियम के विभिन्न धाराओं में जुर्माना वसूलने का निर्देश*


जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने डेंगू/ चिकनगुनिया के रोकथाम हेतु *घर-घर लार्वा खोज अभियान चलाने, जल जमाव वाले स्थान पर लार्वानाशी रसायन का छिड़काव, वयस्क मच्छरों के नियंत्रण हेतु फॉगिंग तथा सघन जन जागरूकता अभियान* चलाने के निर्देश दिए । जागरूकता अभियान में जेएसएलपीएस की सखी दीदी एवं समाज कल्याण विभागीय की आंगनबाड़ी सेविका/सहायिता, NULM से सहयोग लेने का निदेश दिया गया। साथ ही जांच के दौरान किसी भी घर डेंगू लार्वा पाये जाने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम के विभिन्न धाराओं में जुर्माना वसूलने का निर्देश नगर निकाय पदाधिकारियों को दिया गया । साथ ही उपलब्ध मानव संसाधन का बेहतर उपयोग करते हुए सघन पर्यवेक्षण का निदेश दिया गया। साथ ही उपायुक्त ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि झारखंड में विगत 10 वर्षों के पदस्थापन में कभी भी बिना मच्छदरदानी का नहीं सोया हूं, नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा को  देखते हुए हमेशा मच्छरदानी में सोयें । तेज बुखार, जोड़ों एवं मांसपेशियों में दर्द को अनदेखा न करने तथा ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने, अपने घर एवं आस पास मच्छरों के प्रजनन को रोकने हेतु आवश्यक उपाय किये जाने की भी बात कही।


*क्या करें*


• डेंगू/चिकनगुनिया फैलाने वाले एडिस मच्छर साफ पानी में ही पनपते हैं, इसलिए पानी के बर्तन, पानी की टंकी, कुलर, प्लास्टिक के खुले बोतल, डिब्बे, छत पर जल जमाव, घर के बाहर रखे / फेके टायर, कन्स्ट्रक्शन साइट एवं टूटे बर्तन में पानी जमा नहीं होने दें। घर के आस-पास सफाई रखें।


• जब भी सोयें, मच्छरदानी के अंदर ही सोयें।


• एडिस मच्छर हमेशा दिन के समय काटते हैं, इसलिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।


• डेंगू/चिकनगुनिया बुखार के उपचार के लिए कोई विशेष दवा नहीं है। अगर डेंगू/चिकनगुनिया के लक्षण दिखाई दे, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।


• मच्छरों से बचाव के लिए घर की खिड़की तथा दरवाजे पर जाली लगवायें


*क्या नहीं करें*


• घर के आस-पास या छत पर प्रयोग में न आने वाले बर्तन, टायर आदि न रखें एवं घर में कूलर, बाल्टी, फूलदान, फ्रिज ट्रे में पानी जमा नहीं होने दें। 


• टूटे हुए बर्तन, प्रयोग में नहीं आने वाली बोतलें, टिन, बेकार के टायरों को जमा न रखें, क्योंकि बारिश के मौसम में इन्हीं में पानी जमा होता है, जिसमें एडिस मच्छर पनपते हैं।

 

• बुखार होने पर उसे अनदेखा नहीं करें। 


• बगैर जाली लगे खिड़की तथा दरवाजे शाम एवं सुबह में खुले न रखें, क्योंकि इस समय मच्छरों का प्रकोप अधिक रहता है।


*जिला स्तरीय हेल्पलाइन नम्बर- 9304389995, 9431857671*


=========================

*Team PRD (East Singhbhum)*

=========================

Post a Comment

और नया पुराने